Saturday, March 14, 2026
Homeखबर स्तम्भतालाब में गिरी अनियंत्रित कार, यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती की...

तालाब में गिरी अनियंत्रित कार, यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती की मौत

गिरिडीह में बड़ा हादसा हुआ है। गिरिडीह – देवघर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के करणपुरा के पास एक तेज रफ्तार वरना कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा घुसी। कार के तालाब में गिरने के बाद आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी बेंगाबाद थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के तुरंत बाद बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और तालाब में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद कार का शीशा तोड़कर एक युवती को बाहर निकाला गया और सीधे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने युवती की स्थिति को गंभीर देखते हुए आईसीयू में भेज दिया। इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान पचम्बा के बोडो (टीवी सेंटर) के समीप निवासी संजय सिन्हा की पुत्री कोमल कुमारी के रूप में की गई है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुँच गए। इस दौरान परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

रांची में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी कोमल

घटना के बाद सदर अस्पताल पहुँचे परिजनों ने बताया कि कोमल रांची में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। कुछ दिन पहले ही वह गिरिडीह अपने घर आई थी और आज शाम अपने एक साथी के साथ वरना कार में बैठकर बेंगाबाद से गिरिडीह लौट रही थी। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। इधर, पुलिस कार पर सवार युवक की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार कोई और चला रहा था या फिर कोमल खुद कार ड्राइव कर रही थी। पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है |

RELATED ARTICLES

Most Popular