Homeखबर स्तम्भचतरा में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
चतरा में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
चतरा : 15 अगस्त प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन करना ही नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।जिलावासियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी, सामाजिक एकता और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपेक्षा की जाती है। चतरा डीसी कीर्तिश्री ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
कीर्तिश्री ने सुबह 8 बजे समाहरणालय में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर एसपी सुमित कुमार अग्रवाल भी शामिल हुए। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने फांसीहारी तालाब स्थित शहीद स्मारक स्थल, पोस्ट ऑफिस चौक स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और विनय भारती पार्क पर माल्यार्पण कर शहीदों और महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही पोस्ट ऑफिस चौक स्थित रेडक्रॉस भवन में भी ध्वजारोहण किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में आयोजित मुख्य समारोह का डीसी और एसपी ने निरीक्षण किया। तत्पश्चात डीसी कीर्तिश्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। समारोह में डीसी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के दर्जनों अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया।

डीसी कीर्तिश्री ने मंच से कहा कि आज का दिन हम सभी भारतीयों के लिए स्वर्णिम क्षण है। यह न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को पुनः पुष्ट करने का संकल्प भी है। 15 नवंबर 2000 से झारखंड ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और चतरा जिला भी विकास की नई गाथा लिख रहा है। डीसी ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में चतरा की धरती पर शहीद हुए सूबेदार नादिर अली खान और जय मंगल पांडे सहित सभी शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका बलिदान आज हमारी स्वतंत्रता का आधार है।
डीसी ने कहा कि मैंया सम्मान योजना के अंतर्गत जुलाई 2025 तक 1,77,289 महिलाओं एवं बालिकाओं को ₹1,77.26 करोड़ की राशि का भुगतान किया जा चुका है। सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत 1,11,244 लाभार्थियों को ₹44.50 करोड़ की मासिक पेंशन वितरित की गई। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में इस वर्ष 3,900 छात्राओं को शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पीवीटीजी समुदाय के 83 गाँवों में शिविर लगाकर 6,431 लाभार्थियों को आधार, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, वन पट्टा, बैंक खाता, पेंशन आदि से आच्छादित किया गया।
मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के अंतर्गत जिले के शेष 258 गाँवों/टोलों का विद्युतीकरण किया जाएगा, जिससे मार्च 2026 तक इन सभी टोलों का विद्युतीकरण हो जाएगा। इनमें से कई गाँवों में आज़ादी के बाद पहली बार बिजली पहुँचेगी। इसके अलावा पीवीटीजी योजना के तहत 18 विशेष रूप से कमजोर जनजाति (पीवीटीजी) गांवों में विद्युतीकरण का काम चल रहा है, जिसमें अब तक 191 घरों को बिजली का कनेक्शन दिया जा चुका है। आरडीएसएस योजना के तहत 16,187 उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 8,486 घरों में सफलतापूर्वक मीटर लगा दिया गया है। यह कार्य सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। जिले में सड़क और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2019-20 से अब तक कुल 376.36 किलोमीटर लंबाई वाले 41 कालिकरण पथों का निर्माण पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत 14 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत 357 किलोमीटर लंबाई वाली 51 सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त, इस वर्ष पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 11 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से 7 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारत माला परियोजना के अंतर्गत वाराणसी से कोलकाता तक 4/6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है, जो हमारे जिले के हंटरगंज, चतरा, पत्थलगड्डा और सिमरिया प्रखंडों से होकर गुजरेगा। इस परियोजना के लिए 500 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है और 200 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जा चुका है। जिला प्रशासन शेष रैयतों को मुआवजा देकर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ करने का प्रयास कर रहा है।
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के विभिन्न प्रखंडों में 107 पीसीसी पथों के निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। जिले में तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित हैं, जहाँ सीबीएसई बोर्ड के अनुसार पढ़ाई होती है। इन विद्यालयों में वर्तमान में 1,891 विद्यार्थी नामांकित हैं। 154 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, 124 विद्यालयों में आईसीटी लैब, 22 विद्यालयों में विज्ञान लैब तथा 29 विद्यालयों में व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक शिक्षा दी जा रही है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में स्मार्ट किचन, ओपन जिम, शुद्ध पेयजल, अग्निशामक यंत्र, स्टेम लैब, एक्सेलरेटेड ड्राइवर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। डीएमएफटी निधि से अध्ययन हेतु अतिरिक्त कक्ष, चहारदीवारी एवं शौचालय का निर्माण भी कराया जा रहा है। जिले के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा हेतु चतरा महाविद्यालय परिसर में जिला पुस्तकालय-सह-ऑनलाइन अध्ययन केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे शीघ्र ही विद्यार्थियों को समर्पित कर दिया जाएगा। साथ ही, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को रेल टेस्ट का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी निगरानी जिले के वरीय पदाधिकारी कर रहे हैं।
मनरेगा के तहत अगस्त 2025 तक 2.6 लाख मानव दिवस सृजित, 50% से अधिक महिलाओं को लाभ। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 1,701 एकड़ में पौधरोपण। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में 15,523 स्वीकृत, 250 आवास पूर्ण। अबुआ आवास योजना में 22,255 स्वीकृत, 1,014 आवास पूर्ण। झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी के तहत 12,087 सखी मंडलों का गठन, 1.36 लाख परिवार जुड़े। इटखोरी प्रखंड के धनखेरी सीएलएफ को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान।
सहकारिता विभाग से 5,311 किसानों को 990 क्विंटल बीज उपलब्ध। धान अधिप्राप्ति में 2,734 किसानों से 1,54,312 क्विंटल धान की खरीद। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से 56 किसानों को दुधारू गायें मिलीं, बोरिंग योजना से 19 लाभान्वित। आकांक्षा कृषि उद्योग मेले में 500 से अधिक किसानों की भागीदारी, 40 से अधिक स्टॉल और बाजार से सीधा संपर्क शामिल है।
डीसी ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 143,892 (एक लाख तैंतालीस हजार आठ सौ बाईस) घरों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा अबुआ स्वास्थ्य योजना शुरू की गई है, जिसके तहत 15 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत विभिन्न असाध्य रोगों के इलाज के लिए 19 मरीजों को यह लाभ दिया गया है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2024-25 में लाभार्थियों के बीच ₹6,45,500 (छह लाख पैंतालीस हजार पांच सौ) की वित्तीय सहायता दी गई है। चतरावासियों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से 29,298 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इस प्रकार, अब तक जिले में कुल 3,66,079 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डीएमएफटी फंड से डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधक की बहाली की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। चतरा जिले के सदर अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कायाकल्प, लक्ष्य, एनक्यूएएस और मुस्कान के मानकों के अनुसार प्रमाणीकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी राहुल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र और आम जनता उपस्थित थे।