राजधानी रांची में बुधवार सुबह एक स्कूली छात्रा के अपहरण की सनसनीखेज खबर सामने आई जहां एक छात्रा को स्कूल जाते समय सिरमटोली फ्लाईओवर के पास से अगवा कर लिया गया था | घटना बुधवार सुबह की है जब चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सिरमटोली फ्लाईओवर के पास से एक स्कूली छात्रा का अपहरण कर लिया गया |
दरअसल रांची में बुधवार सुबह एक छात्रा को स्कूल जाते समय सिरमटोली फ्लाईओवर के पास से अगवा कर लिया गया था | लेकिन पुलिस की सक्रियता और ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद अपहरणकर्ता छात्रा को रामगढ़ जिले के कुज्जू में छोड़कर फरार हो गए | फिलहाल छात्रा सुरक्षित है |
मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा हर दिन की तरह बुधवार सुबह ई-रिक्शा से बिशप वेस्टकॉट स्कूल जा रही थी | जैसे ही वह सिरमटोली फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी एक कार में सवार अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन खींचकर अगवा कर लिया | घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे | मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया |
गठित टीम ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और अपराधियों का पीछा किया | इसी दौरान पुलिस की दबिश से परेशान होकर अपराधी बच्ची को छोड़कर फरार हो गए | बता दे बच्ची बिल्कुल ठीक है और बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है और उसके परिवार को सौंप दिया गया है |
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके | साथ ही आपको बता दें अपहरण में इस्तेमाल की गई काले रंग की हुंडई कार की पहचान कर ली गई है |
पुलिस अब इस गाड़ी के मालिक और उससे जुड़े लोगों की तलाश में जुट गई है | पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा भी किया जा रहा है |
वही बच्ची की सकुशल वापसी ने जहां परिजनों को राहत दी है, तो वहीं शहरवासियों में पुलिस के प्रति भरोसा भी बढ़ा है | क्योंकि पुलिस की तेजी, सतर्कता और सटीक कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई है | वही पुलिस अब अपहरण की पूरी साजिश और इसमें शामिल लोगों की शिनाख्त में जुटी हुई है |