झारखंड के देवघर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में कई कांवड़िये चपेट में आ गए। सड़क हादसे में कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इसमें 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिसमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास कांवड़ियों से भरी एक बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक वाहन के बीच टक्कर के बाद हुई।
इधर, इस घटना पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि देवघर से बासुकीनाथ जा रही कांवरियों की बस दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। वे शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं तथा बाबा भोलेनाथ से घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।
बता दें इस दुखद घटना पर सीएम हेमंत सोरेन और सांसद निशिकांत दुबे ने भी शोक व्यक्त किया है। सीएम ने प्रशासन को निर्देश दिये हैं कि घायलों का समुचित इलाज कराया जाये। गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे ने एक्स पर पोस्ट कर घटना की जानकारी देते हुए 18 श्रृद्धालुओं के मौत की बात कही है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घटना पर दुःख जाहिर किया है।
दरअसल देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित जमुनिया मोड़ के निकट कावरियों से भरी बस की एक एलपीजी गैस लदे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गयी। देवघर- गोड्डा मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना में 6 कावंरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है जबकि ढेड़ दर्जन लोग घायल बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कांवरिया देवघर में जलार्पण के बाद बासुकीनाथ पूजा के लिए जा रहे थे। मृतकों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है। घटना में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।