Friday, July 25, 2025
Homeखबर स्तम्भकेंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मिले झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मिले झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार

राज्य के छह ज़िलों में जिला अस्पतालों को मेडिकल कॉलेजों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को मिली सैद्धांतिक सहमति

नई दिल्ली में झारखंड सरकार के मंत्री  सुदिव्य कुमार ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं लोकसभा सांसद  विजय कुमार हांसदा के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  जे.पी. नड्डा  से शिष्टाचार  मुलाकात की।

बैठक के दौरान झारखंड राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से राज्य के छह ज़िलों धनबाद, देवघर, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में स्थित जिला अस्पतालों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड के अंतर्गत मेडिकल कॉलेजों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव पर गंभीर विमर्श हुआ।

झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार ने इन परियोजनाओं के लिए शीघ्र स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया, जिससे झारखंड में तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो सके और राज्य के नागरिकों को सुलभ एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके।

इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री  जे.पी. नड्डा  ने प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन भी दिया।

X पर पोस्ट कर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा,“मुझे विश्वास है कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूएगा और राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।”

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular