हंटरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीरपुर पंचायत के सोनवर्षा गांव में शुक्रवार को धान की रोपाई के लिए खेत की जुताई कर रहे किसान का ट्रैक्टर अचानक पलट गया। जिससे किसान ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आनन-फानन में परिजन किसान को लेकर हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया। हंटरगंज थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी जटून यादव का 32 वर्षीय पुत्र तिलक यादव धान की रोपाई करने के लिए ट्रैक्टर से खेत की जोताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर पलट गया। उसी के नीचे मृतक तिलक दब गया। हादसा देखकर पास के खेतों में काम कर रहे किसान घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। किसी तरह से ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए किसान को बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजनों ने आनन फानन में उसे हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गए। जहां पर घायल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने इन्कार करते हुए शव को घर लेकर चला गया। मां-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही मीरपुर पंचायत मुखिया प्रतिनिधि सोनबर्षा गांव पहुंचे और इस दुख की घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया। वही अंतिम संसकार में शामिल हुए। भाई देवराजित यादव ने बताया कि तिलक अपने ट्रैक्टर के जरिए खेतों में धान की रोपाई करने के लिए गांव में ही खेत में जोताई कर रहे थे। उसी समय अचानक ट्रैक्टर फंस गया। फंसे हुए ट्रैक्टर को निकालने की कोशिश करते समय खेत में फंसा ट्रैक्टर अचानक पीछे के दो पहियों के बल खड़ा हो गया। उसी बीच ट्रैक्टर की स्टेरिंग में दब जाने से मौके पर ही ट्रैक्टर चालक तिलक की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।