झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी मंगलवार को सदर अस्पताल चतरा का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चतरा आए थे। कार्यक्रम से निकलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री सीधे सदर अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने ओपीडी, आउटडोर, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड व स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बात की। सदर अस्पताल में मात्र 7 मरीजों के भर्ती रहने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिले का सदर अस्पताल है और मात्र 7 मरीज भर्ती हैं।
उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि यहां आने वाले मरीजों को तुरंत रेफर कर दिया जाता है। मरीजों को दवा नहीं मिलता है। लोगों की शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री आग बबूला होते हुए मौके पर उपस्थित सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ मनीष कुमार को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सरकार इतना रुपया सदर अस्पताल को देती है। इसके बाद भी यदि मरीज को यहां से रेफर कर दिया जाता है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा मिलने वाले सभी स्वास्थ्य का लाभ चतरा के मरीजों को भी मिलना चाहिए। यदि उन्हें यहां के लोगों से कोई भी शिकायत मिलता है तो वह संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी देखकर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त किया। वार्डों में निरीक्षण के दौरान वार्डो से आ रहे बदबू पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई और मॉस्क लाने के लिए कहा। इसके बाद मंत्री ने बदबू से बचने के लिए मास्क लगाया और फिर सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल बढ़िया है, लेकिन व्यवस्था थोड़ी खराब है। उन्होंने निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया है। जल्द ही यहां की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।