बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री सुदीप कुमार सोनू ने कहा कि विभाग रिवेन्यू जेनरेशन पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम क्षेत्र में 15 लाख की आबादी निवास करती है, लेकिन महज 2 लाख 30 हजार लोग ही होल्डिंग टैक्स अदा कर रहे हैं, जबकि यह संख्या कम से कम 3 लाख होनी चाहिए। मंत्री ने आश्वासन दिया कि अगले 6 महीने में इस क्षेत्र में गुणात्मक सुधार दिखाई देगा।
सुदीप कुमार सोनू ने यह भी कहा कि विभाग राइट टू सर्विस एक्ट के तहत काम करेगा, ताकि लोगों को स्ट्रीट लाइट, सीवरेज ड्रेनेज सिस्टम, सड़कों की मरम्मत और अन्य जरूरी कामों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि रांची नगर निगम की व्यय के अनुपात में आय अधिक है, जिसे और बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम द्वारा संचालित योजनाओं, केंद्र प्रायोजित योजनाओं और राज्य समर्थित योजनाओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों पर भी विचार-विमर्श किया गया।