- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के दौरान एंबुलेंस की कमी को लेकर जतायी थी चिंता
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया है खास निर्देश, कहा जो भी आवश्यक सहयोग होगा, सरकार प्रदान करेगी
रांची : राज्य में एम्बुलेंस सेवा की मौजूदा स्थिति से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन काफी असंतुष्ट है जिसे लेकार उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से विस्तृत चर्चा की और ये निर्देश दिया कि पूरे झारखंड में एंबुलेंस की संख्या बढ़ायी जाये, ताकि मरीजों को अस्पताल लाने और ले जाने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो.
इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिया है। सेवा को दुरुस्त करने को लेकर राज्य को चार जोन में बांट कर कॉल सेंटर खोला जायेगा। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के दौरान एंबुलेंस की कमी को लेकर चिंता जतायी थी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया है खास निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि इस समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें और इसके लिए जो भी आवश्यक सहयोग होगा, सरकार प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री की बात को संज्ञान में लेते हुए मंत्री डॉ अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव से चर्चा की और उन्हें इस विषय से अवगत कराया। साथ ही इस दिशा में जल्द से जल्द ठोस निर्णय लेने का निर्देश दिया।
मरीज को एंबुलेंस की अनुपलब्धता के कारण न हो परेशानी : स्वास्थ्य मंत्री
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाएं इतनी सुदृढ़ हों कि किसी भी मरीज को एंबुलेंस की अनुपलब्धता के कारण कोई परेशानी न हो। इसके लिए राज्य को चार जोन में बांटकर कॉल सेंटर स्थापित करने की योजना पर काम किया जाये। जहां मरीजों को एक फोन कॉल के जरिये तुरंत एंबुलेंस सेवा प्राप्त हो।
डॉ अंसारी ने कहा कि अगर एंबुलेंस की कमी के कारण किसी की जान जाती है, तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इस कमी को दूर करने के लिए हर संभव कदम उठाये जायेंगे।
