रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को चक्रधरपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा को आड़े हाथों लिया| कहा कि ये लोग पार्टी, घर और समाज को तोड़ता है| हमलोग के ही जात-बिरादरी का लोग भाजपा का एजेंट बन गया है| वे चक्रधरपुर में झामुमो उम्मीदवार सुखराम उरांव के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे| उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन के लिए झामुमो का लंबा संघर्ष रहा है| हमारी सरकार रांची से नहीं गांव से चलने वाली सरकार है| जो कर्मचारी कभी गांव-देहात नहीं जाता था, वो भी हमारी सरकार में गांव-गांव पहुंचा| सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ट्रैक्टर और बैलगाड़ी से भी कर्मचारी पहुंचे |
सीएम ने कहा कि भाजपा के लोग 50-60 हेलीकॉप्टर लेकर बैठा है| गिद्ध कौआ की तरह पूरे राज्य में मंडरा रहा है| आपलोग अपना तीर-धनुष तैयार करो और सब चील कौआ को गिराओ| सीएम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने झारखंड को गरीब कर दिया| इसे इतना पीछे धकेल दिया कि आज हम फिर उसे दलदल से निकालकर सामान्य जीवन की ओर ले जा रहे हैं| गांव-देहात इतना गरीब है कि लोग छोटी-छोटी जरूरतों के लिए कर्ज लेते हैं| कर्ज चुकाते-चुकाते उनकी कमर टूट जाती है|