Saturday, March 14, 2026
Homeखबर स्तम्भशांतिपूर्ण ढंग से चल रहा राज्य में विधानसभा चुनाव प्रचारः रवि कुमार

शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा राज्य में विधानसभा चुनाव प्रचारः रवि कुमार

रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव प्रचार शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। आदर्श आचार संहिता की छिटपुट घटनाएं भी सामने आ रही हैं। अभी तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में 31 प्राथमिकी दर्ज की गईं हैं। इनमें सर्वाधिक 18 मामले गढ़वा जिले में दर्ज हुईं हैं। रांची, सिमडेगा और रामगढ़ जिले में दो-दो मामले दर्ज हुए हैं। सरायकेला, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, जामताड़ा, हजारीबाग और पलामू जिले में एक-एक मामले दर्ज हुए हैं।

कुमार सोमवार को निर्वाचन सदन, धुर्वा में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सूचना प्राप्त हो रही है कि त्योहार और फसल कटाई को लेकर राज्य से बाहर गये श्रमिक अपने घर लौट रहे हैं। चुनाव के समय उनकी घर वापसी से उम्मीद जगी है कि वे इस दौरान मतदान में भी हिस्सा लेंगे। इससे मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी संभावित है। मतदाता जागरुकता अभियान के दौरान ऐसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का फोकस हर तरह के संस्थानों में कार्यरत लोगों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश सुनिश्चित कराने पर है। पिछले चुनाव में कतिपय लोक उपक्रमों में इसे लेकर थोड़ी उहापोह की स्थिति देखी गयी थी लेकिन इस बार अनिवार्य रूप से कर्मियों को मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश देना सुनिश्चित किया जा रहा है।

कुमार कहा कि यदि रांची में किसी संस्थान में कोई कार्यरत है और वह पाकुड़ में मतदान करने जाना चाहता है, तो उसे भी समय से अवकाश देना नियोक्ताओं के लिए अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने हर छोटे-बड़े संस्थानों को अपने कर्मियों के साथ अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए अपने संस्थान में गठित वोटर अवेयरनेस फोरम के जरिये सपरिवार विभिन्न तरह के मतदाता जागरुकता कार्यक्रम चलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 01 अरब 47 करोड़ 80 लाख की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular