पलामू : विधानसभा चुनाव से पहले पलामू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय प्रस्तुति सम्मेनलन कमेटी) के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से एके-47 रायफल, 7.65 एमएम की 79 गोली, पिस्टल एवं कट्टा बरामद किया गया है। तीनों टीएसपीसी के उग्रवादी आक्रमण गंझू दस्ता के सदस्य हैं।
जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने मंगलवार दोपहर एसपी कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी के तीन-चार सदस्य पांकी थाना क्षेत्र के कारीमाटी जंगल में हथियारों के साथ देखे गए हैं। उनकी मंशा किसी अप्रिय घटना को अंजाम देना है। विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने और संवेदकों से लेवी वसूलने व संगठन विस्तार की योजना है।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने एक ऑपरेशन प्लान तैयार कर पांकी और मनातू थानों की टीम को अभियान चलाने का निर्देश दिया। पुलिस टीम ने कारीमाटी जंगल को चारों ओर से घेरकर सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान सखुआ पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्ति आपस में बात करते हुए पाए गए। जैसे ही पुलिस टीम उन तक पहुंची, वे भागने लगे लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से तीनों को पकड़ लिया गया।
