रांची : एनडीए में सीट शेयरिंग का फार्मूला आज स्पष्ट हो गया है। रांची में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी आजसू पार्टी की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता में इस बात की घोषणा की गई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, बीजेपी के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश कुमार महतो, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और रामचंद्र सहिस मौजूद थे।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह सीट सिल्ली, रामगढ़,गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा,और मनोहरपुर सीट है। हेमंत विश्व शर्मा ने बताया कि गठबंधन के तहत जनता दल यूनाइटेड 2 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। जातीय जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवार तय करेगी। वही लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास गुट चतरा विधानसभा सीट पर अपने उम्मीदवार तय करेगी। उन्होंने बताया कि शेष विधानसभा सीटों पर भाजपा अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में एनडीए गठबंधन निश्चित रूप से जीत तय करेगा और अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन की बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने भी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने और जीत दर्ज करने की बात कही। संवाददाता सम्मेलन के दौरान वर्तमान इंडिया गठबंधन की सरकार पर भी हमला बोला गया। संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक बार फिर से याद दिलाया गया कि झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ और डेमोग्राफी में हो रहा है बदलाव की समस्या बढ़ती जा रही है।
