धनबाद : झारखंड में चुनावी बिगुल बजने के साथ ही भाजपा चुनावी मैदान में जोरशोर से उतर गई है| भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रबुद्ध जन सम्मेलन बुधवार को चिरकुंडा के टाउन हॉल में हुआ, जिसमें केंद्रीय कानून, सांस्कृतिक व संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए| उन्होंने अपने संबोधन में राज्य की हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सरकार ने लोगों को सिर्फ छलने का काम किया है|
पिछले चुनाव में जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है| अब राज्य में सरकार बदलने का समय आ गया है| उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में महिलाओं की भारी उपस्थिति से यह साफ है कि विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भूमिका अहम होगी | केन्द्र की मोदी सरकार गरीबों व असहायों के काम कर रही है| हरियाणा विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति के लोगों ने अहम भूमिका निभाते हुए भाजपा को विजय दिलाई है| इसके बाद से सभी दलों की नजर अनुसूचित जाति के वोटरों पर टिकी है|
