इंदौर : राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इंदौर के लता मंगेशकर सभागृह में आज (शुक्रवार) से शुरू हो रहे इस दो दिवसीय समारोह में गीत-संगीत क्षेत्र की दो विभूतियों को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण से विभूषित किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने बताया कि समारोह में वर्ष 2022 के लिए संगीत-निर्देशन के क्षेत्र में उत्तम सिंह और वर्ष 2023 के लिए पार्श्व गायन के क्षेत्र में केएस चित्रा को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण प्रदान किया जाएगा। मुख्य समारोह शनिवार, 28 सितंबर को आयोजित होगा। इसमें गीत-संगीत संध्या की प्रस्तुति होगी। इसमें अलंकरण के पश्चात केएस चित्रा अपने कलाकारों के दल के साथ गीत-संगीत की सुमधुर और सुरमयी प्रस्तुतियां देंगी।