गढ़वा : मईंयां सम्मान यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत हज़ारों महिलाओं के साथ गढ़वा जिले के रामा साहू उच्च विद्यालय के मैदान से मंगलवार को हुई। यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम को मंत्री बेबी देवी, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने संबोधित किया। सभी ने सरकार की ओर से चलायी जा रही झारखंड मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना समेत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
मौके पर मंत्री बेबी देवी ने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। महिलाओं के हितों को देखते हुए भविष्य में झारखंड मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना की राशि मे वृद्धि भी की जाएगी। झारखंड मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर वर्ष 12000 रुपए (प्रत्येक माह 1000 रुपये) की राशि सीधे उनके खाते में दी जा रही है, जिससे वे स्वालंबन की ओर अग्रसर हैं।
उन्होंने कहा कि जिन माताओं, बहनों का नाम मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अब तक नहीं जुड़ पाया है, उनका भी नाम युद्धस्तर पर जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कुछ आंशिक त्रुटियों के कारण जिनका पैसा खाते में अब तक नहीं पहुंचा है, ऐसे लोगों के भुगतान प्रक्रिया में आ रही समस्याओं को दूर कर जल्द से जल्द उनके खाते में राशि देने का कार्य किया जा रहा है।