भोपाल : राज्य शासन के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में आज हिन्दी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय हिन्दी भाषा सम्मान अलंकरण समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित अंजनी सभागार में दोपहर 12:30 बजे से आयोजित इस समारोह में हिन्दी भाषा के साहित्य सृजन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए देश और दुनिया के प्रतिष्ठित लेखकों का सम्मान किया जाएगा।
संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में 2022 का राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान डिजिटल इंडिया भाषिनी संस्थान नई दिल्ली को और 2023 का अमकेश्वर मिश्रा भोपाल को प्रदान किया जाएगा। वहीं, 2022 का राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान टोरंटो (कनाड़ा) की डॉ. हंसा दीप को एवं 2023 का पेंसिलवेनिया (अमेरिका) के डॉ. अनुराग शर्मा को दिया जाएगा।