Tuesday, July 1, 2025
Homeखबर स्तम्भपलामू में हाथियों के झुंड ने दो एकड़ में लगी धान-मक्के की...

पलामू में हाथियों के झुंड ने दो एकड़ में लगी धान-मक्के की फसल रौंदी

पलामू : जिले के चैनपुर प्रखंड के सलतुवा के लोभरवा टोले में हाथियों के झुंड ने दो एकड़ में लगी धान व मक्के की फसल रौंद दिया। आठ घंटे तक चार भाइयों के परिवार की जान हलक में अटकी रही। शुक्रवार सुबह पांच बजे हाथी जंगल की ओर गए, तब राहत मिली।

हाथियों की संख्या 25 से 30 बताई गई है और इसमें कई बच्चे भी शामिल हैं। हाथियों के द्वारा शिवव्रत सिंह की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया है। उनके अलावा उनके भाई सरयू सिंह, प्रभु सिंह, और शंकर सिंह की फसल को भी नष्ट कर दिया गया है। सूचना मिलने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।

बताया जाता है कि सलतुवा के लोभरवा टोले में पश्चिम दिशा करसो केल्हार की ओर से गुरुवार की रात 25-30 की संख्या में हाथियों का एक झुंड पहुंचा और शिवव्रत सिंह और उनके भाई की फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। हाथियों की संख्या ज्यादा रहने और झुंड में बच्चों के रहने पर ग्रामीणों ने खतरा भांपते हुए कोई हलचल नहीं की। बिजली बुझा दी गई और सारे लोग घर के बीच वाले कमरे में दुबक गए। रात 10 बजे से लेकर सुबह के 5 तक हाथियों ने खेत में जमकर उत्पात मचाया। 1 एकड़ में लगी धान की फसल और एक एकड़ में लगी मकई की फसल को नष्ट कर दिया। इसके अलावा मकान को भी नुकसान पहुंचाया। मकान में रखा हुआ तीन बोरा चावल निकाल कर खा गए।

इस संबंध में चैनपुर क्षेत्र के रेंजर अजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिली है। जानकारी लेने के लिए टीम भेजी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular