नई दिल्ली : अगस्त के महीने में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई है। इस दौरान गोल्ड ईटीएफ में 29 टन का अतिरिक्त निवेश हुआ है। इस अतिरिक्त निवेश की वजह से अगस्त के महीने में गोल्ड ईटीएफ की होल्डिंग बढ़ कर 3,182 टन हो गई है। ये लगातार चौथा महीना है, जब निवेशकों ने गोल्ड ईटीएफ में अपना निवेश बढ़ाया है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट के अनुसार नॉर्थ अमेरिका और यूरोप में गोल्ड ईटीएफ में निवेश सबसे अधिक बढ़ा है। इसमें निवेश बढ़ने की वजह से इंटरनेशनल गोल्ड मार्केट में भी सोने की कीमत में तेजी आई है। सोना लगातार तीसरे हफ्ते 2,500 डॉलर प्रति ऑन्स के स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है। इंटरनेशनल गोल्ड मार्केट में सोने के भाव में तेजी आने की वजह से देश के सर्राफा बाजारों में भी सोना 73 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के करीब पहुंच कर कारोबार कर रहा है।
