नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी की टीम ने ओखला के विधायक अमानतुल्लाह खान के घर पर आज सुबह कई घंटे तक छापेमारी और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। ईडी की टीम अमानतुल्लाह खान को साथ लेकर दफ्तर के लिए निकल गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने दी जानकारी में बताया कि ईडी की टीम धन शोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में अमानतुल्लाह के ओखला स्थित आवास पर आज सुबह पहुंची। ईडी की छह सदस्यीय टीम ने उनसे लंबी पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले विधायक अमानतुल्लाह ने ‘एक्स’ पोस्ट पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि सर्च वारंट के नाम पर ईडी का मकसद सिर्फ मुझे गिरफ्तार करना है। मैंने हर नोटिस का जवाब दिया है। खान ने कहा कि मुझे दो साल से ये लोग परेशान कर रहे हैं।
