नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ सुरक्षा, व्यापार और निवेश सहित द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर बातचीत की। इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके साथ ही आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी और पोलैंड के समकक्ष डोनाल्ड टस्क ने वारसॉ में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं खूबसूरत शहर वारसॉ में गर्मजोशी से स्वागत, शानदार आतिथ्य और मैत्रीपूर्ण शब्दों के लिए प्रधानमंत्री टस्क को धन्यवाद देता हूं। आप लंबे समय से भारत के करीबी मित्र रहे हैं। आपने भारत और पोलैंड के बीच मैत्री को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 2022 में यूक्रेन संघर्ष के दौरान भारतीय छात्रों को बचाने के लिए आपने जो उदारता दिखाई, हम भारतीय उसे कभी नहीं भूलेंगे।”
उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत और पोलैंड के संबंधों में विशेष महत्व रखता है। आज 45 साल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने पोलैंड का दौरा किया है। इस वर्ष हम अपने राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हमने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। भारत और पोलैंड के बीच संबंध लोकतंत्र और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर आधारित हैं।
