Saturday, March 28, 2026
Homeखबर स्तम्भन्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारत खोलेगा वाणिज्य दूतावास, दोनों देशों के संबंध होंगे और मजबूत

न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारत खोलेगा वाणिज्य दूतावास, दोनों देशों के संबंध होंगे और मजबूत

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि भारत जल्द ही भारतीय प्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए ऑकलैंड में एक वाणिज्य दूतावास खोलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भारत-न्यूजीलैंड के बीच राजनयिक संबंधों को और मजबूत बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएगा।

न्यूजीलैंड की अपनी यात्रा के अंतिम दिन राष्ट्रपति मुर्मू ने ऑकलैंड में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस अवसर पर उनके साथ अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन तथा सांसद सौमित्र खान और जुगल किशोर भी उपस्थित थे। न्यूजीलैंड के सभी भागों से ऑकलैंड आए भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड के विकास और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उनकी सराहना की। व्यापार से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा से लेकर प्रौद्योगिकी तक, उनका योगदान अमूल्य है। राष्ट्रपति ने भारतीय समुदाय के समर्पण, कड़ी मेहनत और रचनात्मक भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये मूल्य हमें पीढ़ियों से मार्गदर्शन देते रहे हैं और भविष्य में भी हमें प्रेरित करते रहेंगे।

राष्ट्रपति भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों की तीव्र प्रगति पर प्रसन्न थीं। उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय यात्राओं और प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान ने दोनों देशों के बीच समझ को गहरा करने और सहयोग के नए रास्ते खोलने में योगदान दिया है। उन्होंने न्यूजीलैंड की सरकार और लोगों की उनकी समावेशी और स्वागत करने वाली भावना की प्रशंसा की, जिससे भारतीय समुदाय को फलने-फूलने और समृद्ध होने में मदद मिली।

राष्ट्रपति ने कहा कि हम दुनिया भर में फैले भारतीय समुदाय को विकसित भारत के निर्माण की यात्रा में प्रमुख भागीदार के रूप में देखते हैं। भारतीय समुदाय के कौशल, विशेषज्ञता एवं अनुभव देश की प्रगति के लिए मूल्यवान हैं। स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति तिमोर-लेस्ते के लिए रवाना हुईं जो उनकी तीन देशों की राजकीय यात्रा का अंतिम पड़ाव होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular