राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार रात झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत आधा दर्जन राज्यों में नया राज्यपाल नियुक्त किया है। बरेली के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को झारखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं झारखंड के वर्तमान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का गवर्नर बनाया गया है। संतोष गंगवार झारखंड के 12वें राज्यपाल होंगे। छह बार सांसद रह चुके गंगवार भाजपा में लंबे समय तक सक्रिय रहे। झारखंड के अलावा तेलंगाना, राजस्थान, सिक्किम, मेघालय, महाराष्ट्र, असम और पंजाब में नए राज्यपालों की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। इससे पहले राष्ट्रपति ने पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है।
संतोष गंगवार छात्र आंदोलन में सक्रिय रहे हैं और 1975 में आपातकाल के दौरान वे जेल जा चुके हैं. राजनीतिक सफर वर्ष 1977 से शुरू हुआ और 1989 में बरेली के सांसद चुने गए.1989 से 2009 तक लगातार सांसद निर्वाचित हुए हैं. इसके बाद 2014 में वस्त्र व जल संसाधन मंत्री बनाये गए. 2016 में मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री बने. 2017 में श्रम व रोजगार मंत्री बनाया गया. 2019 में मोदी 2 सरकार में श्रम एवम रोजगार मंत्री बनाए गए. बता दें कि इस बीच 1996 में वे बीजेपी संगठन के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं और 2010 में बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव बनाए गए थे.
संतोष गंगवार उत्तर प्रदेश बीजेपी कार्यसमिति के सदस्य रहे और 1996 में उन्होंने उत्तर प्रदेश बीजेपी इकाई के महासचिव का पद संभाला. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने संतोष गंगवार को उम्मीदवार नहीं बनाया था. तब से ही कयास लगाये जा रहे थे कि उन्हें कोई और बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. बता दें कि वर्तमान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने 18 फरवरी 2023 को झारखंड के राज्यपाल की शपथ ली थी. उनके राज्यपाल रहते कई मौकों पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार से टकराव देखने को मिला और अब संतोष गंगवार झारखंड के 12वें राज्यपाल बनाये गए हैं.
