पलामू : आजसू पार्टी के द्वारा रविवार को पलामू जिले के छतरपुर हुसैनाबाद में चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में पार्टी के सुप्रीमो और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो शामिल हुए।
छतरपुर मुख्यालय स्थित हाई स्कूल के मैदान में चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी कार्यकताओं ने फूल माला से सुदेश महतो का स्वागत किया। वहीं पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर और निर्मल महतो की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वही महापुरुषों की कउवल और मदनपुर में प्रतिमा को स्थापित किया।
माैके पर सुदेशा कुमार महतो ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जन सभा में आए लोगों को अपने खेतो में मौजूद रहने का समय था पर वर्षा नहीं होने के कारण सभी अपने भविष्य और राज्य की चिंता लिए जनसभा में आए हुए हैं, जिन्हे हमारा साथ हर कदम पर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान की सरकार को राजनीतिक और सामाजिक विकास के लिए कार्य करना था पर उस दिशा में बिलकुल नाकाम साबित हुई, जो दायित्व उन्हे पूरा करना था, वहां उनसे चूक हुई है जिसका जवाब आने वाले समय में राज्य की जनता जरूर देगी।
उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक के प्रति जितना सजग आम जनता है उतना वर्तमान की सरकार नहीं है। राज्य बीस से पच्चीस वर्षो का सफर तय कर चुका है और इस दौरान आठ से नौ मुख्यमंत्री को लोगों ने देख लिया पर राज्य का विकास जितना होना चाहिए था उतना नहीं हो पाया। इसलिए आने वाले समय में लोगों को सोच समझ कर राजनीतिक नेतृत्व करने के लिए अच्छे और कर्मठ व्यक्ति को चुन कर राज्य का बागडोर देने का समय आ गया है, जिससे राज्य और यहां की जनता का समुचित विकास हो सके।
