राज्य एकीकृत पारा शिक्षक संघ के बैनर तले समान शिक्षा समाना वेतनमान की मांग को लेकर राज्य भर के पारा शिक्षक आज शनिवार को मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले हैं. हजारों की संख्या में पारा शिक्षक मोरहाबादी मैदान से निकलकर फुटबॉल स्टेडियम होते हुए सीएम आवास की तरफ आगे बढ़ रहे हैं. शिक्षकों ने कहा कि 20 सालों से ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ा रहे हैं. लेकिन पारा शिक्षकों के साथ दोहरी नीति अपनायी जा रही है. सरकार से कई बार वेतनमान में बढ़ोतरी की मांग की, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया.
इधर पारा शिक्षकों के आंदोलन को देखते हुए सीएम आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. प्रदर्शकारियों को रोकने के लिए अग्निशमन वाहन भी प्रदर्शनस्थल पर मौजूद हैं. तीन स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाया गया है. पार शिक्षकों के आंदोलन के कारण करमटोली और हरिहर सिंह रोड में जाम लग गया है. यहां वाहनों की लंबी कतारें लग गयी है. जाम की वजह से पैदल आने जााने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
