रांची : समान शिक्षा समान वेतनमान की मांग को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों से यहां मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे पारा शिक्षकों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई में छह पारा शिक्षक घायल हो गए।
राज्य एकीकृत पारा शिक्षक संघ के बैनर तले समान शिक्षा समान वेतनमान की मांग को लेकर राज्य भर के पारा शिक्षक शनिवार को मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले। हजारों की संख्या में पारा शिक्षक मोरहाबादी मैदान से निकलकर फुटबॉल स्टेडियम होते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ आगे बढ़ गए जबकि कुछ शिक्षकों को बैरिकेडिंग कर मोरहाबादी मैदान के पास ही रोक दिया गया। इस दौरान कुछ पारा शिक्षक मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंच गये, जिन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इस लाठीचार्ज में सिंटू सिंह सहित छह पारा शिक्षक घायल हो गए।
