गिरिडीह : सिहोडीह आमबागान स्थित आशीर्वाद रिसोर्ट के बाहर सोमवार की दोपहर करेंट की चपेट में आने से टेंट में काम कर रहे दो युवकों की मौत हो गयी. मृतकों में धरियाडीह निवासी पति प्रसाद का पुत्र अंशु कुमार और गरहाटांड निवासी सुनील राउत का पुत्र आकाश कुमार था. मिली जानकारी के आशीर्वाद रिसोर्ट में रविवार को कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव के घर आयोजित विवाह समारोह के बाद रिसेप्शन का आयोजन किया गया था. रिसेप्शन को लेकर गुप्ता टेंट हाउस के द्वारा साज सज्जा की गयी थी. रिसेप्शन समापन के बाद सोमवार को टेंट संचालक द्वारा लाइटों को खुलवाया जा रहा था. बताया जाता है कि ठेले के सहारे बगैर किसी सुरक्षा के युवक लाइट खोलने का काम कर रहे थे. इसी दौरान एक युवक 11 हजार हाई वोल्टेज तार के संपर्क में गया. इस दौरान साथी को करंट लगता देख दूसरा साथी उसे बचाना गया और दोनों करंट की चपेट में आ गए. घटना के बाद युवकों को सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे यहां परिजनों के चीत्कार से माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया. घटना से टेंट संचालक सवालों के घेरे में हैं. चर्चा है कि दोनों मृतक नाबालिग थे. हालांकि आधिकारिक तौर पर नाबालिग होने की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. ये घटना एक बड़ा मामला है. घटना की जानकारी पर नगर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी इकट्टा कर रही थी.