रांची : टेंडर घोटाला मामले में आरोपित पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल की जमानत याचिका पर शनिवार को धन-शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में जवाब दाखिल करने के लिए ईडी ने कोर्ट से समय की मांग की। पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत ने ईडी को समय देते हुए अगली सुनवाई की तिथि छह जुलाई निर्धारित की है।
टेंडर घोटाला मामले में ईडी ने कार्रवाई करते हुए छह मई को कई स्थानों पर छापेमारी की थी। संजीव लाल के नौकर जहांगीर के घर से ईडी ने 35.23 करोड़ रुपये नकदी बरामद किए थे जबकि संजीव लाल के करीबी बिल्डर मुन्ना सिंह के यहां से तीन करोड़ रुपये बरामद हुए थे। इस मामले में ईडी पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
