रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने हाईकोर्ट से हेमंत सोरेन को जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के जेल में जाने से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता में मायूसी थी। जमानत मिलने की खबर से आज सभी बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के समर्थन में पिछले दिनों जो आंदोलन हुआ उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता कितनी अधिक है। राज्यसभा सांसद ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह से विपक्ष के नेताओं को चुन चुन कर एक साजिश के तहत जेल में भेजा गया , उसका उल्टा ही परिणाम चुनाव के दौरान देखने को मिला। झारखंड समेत देश के अन्य राज्यों में 400 के पार के नारे से काफी पीछे रह गई। महुआ माजी ने कहा कि झारखंड में डबल इंजन की सरकार चल रही थी चुनाव के दौरान हेमंत सोरेन ने अपनी लोकप्रियता के बल पर राज्य में नई सरकार बनाई थी। ऐसे लोकप्रिय नेता को जेल में डालने से जनता के बीच गलत संदेश जाता है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि हेमंत सोरेन ने सपना देखा है झारखंड को समृद्ध बनाने का वह सपना अब फिर से पूरा होगा।