गिरिडीह : डुमरी के जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी मंगलवार को ऑफिसर कॉलोनी स्थित पीएचईडी विभाग के ऑफिस में पानी समस्या को लेकर धरना दी। यहां उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में पानी की घोर किल्लत है। नल जल योजना शोभा की वस्तु बन कर पड़ी है। ग्रामीण त्राहिमाम कर रहे है। जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें ग्रामीणों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर से लेकर जिला प्रशासन और पीएमओ तक इसकी शिकायत की गई। मगर नतीजा कुछ नहीं निकला। सुनीता कुमारी ने कहा कि विभाग के अधिकारी योजना का कार्य कराने वाले ठीकेदार के इशारे पर काम कर रहे हैं। ठीकेदारों पर कोई दबाव या कार्रवाई नहीं किया जाना इसी बात को दर्शाता है। ठीकेदार सिर्फ खानापूर्ति कर योजना को पूर्ण दिखाना चाहते हैं और इसमें विभाग का सहयोग ठीकेदार को मिल रहा है। सुनीता कुमारी ने कहा कि वह जानता की समस्या के निदान के लिए कार्यालय पहुंची है। अगर विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वह कार्यालय में ही डेरा डाल देंगी। इन्होंने यहां तक कहा कि वह विभाग के कार्यालय में ही झाड़ू पोछा करेंगी मगर उनके क्षेत्र की जनता को पानी दिया जाए।इन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी।