रांची : राजधानी के धुर्वा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने सोमवार को पूजा-अर्चना की। इस दौरान रथ मेला की तैयारियों की समीक्षा भी की। मंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उन्होंने भगवान जगन्नाथ से अच्छी बारिश के लिए भी प्रार्थना की है ताकि किसानों सहित आम जनजीवन को भी राहत मिल सके।
उरांव ने कहा कि इस बार भी रथ मेला का आयोजन पुरानी परंपरा और भव्यता के साथ होगा। इसके लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक सहयोग करेगी। रथ यात्रा का धार्मिक महत्व के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व भी है। सात जुलाई को आयोजित रथ यात्रा सह मेला में राज्य के कोने-कोने से एवं दूसरे प्रदेशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु आयेंगे। मंत्री ने रथ मेला की तैयारियों का भी जायजा लिया।
उन्होंने रथ यात्रा की तैयारी में लगे स्थानीय कारीगरों से भी मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। निर्माण हो रहे रथ के कार्यों पर भी संतोष जाहिर किया। इस दौरान आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता (छोटू) ने भी भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
