Thursday, October 16, 2025
Homeखबर स्तम्भवरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र किशोर को मिला पद्मश्री पुरस्कार, डीएम ने घर जाकर...

वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र किशोर को मिला पद्मश्री पुरस्कार, डीएम ने घर जाकर किया भेंट

पटना : राष्ट्रपति की ओर से पटना के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने शुक्रवार को वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र किशोर को पद्मश्री पुरस्कार भेंट किया। सुरेन्द्र किशोर को भाषा, शिक्षा तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जिलाधिकारी ने पत्रकार सुरेन्द्र किशोर को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस वर्ष घोषित पद्म पुरस्कारों में सुरेन्द्र किशोर का नाम शामिल था लेकिन स्वास्थ्य कारणों के चलते वे दिल्ली जाकर पुरस्कार नहीं ले पाए थे। अब उनके सम्मान में पटना जिलाधिकारी ने शुक्रवार को उनके आवास पर जाकर उन्हें पद्मश्री पुरस्कार भेंट किया।

बिहार के सबसे प्रसिद्ध पत्रकारों में से एक सुरेन्द्र किशोर का जन्म दो जनवरी 1947 को सारण जिले के एक किसान परिवार में हुआ था। इतिहास में स्नातक की डिग्री लेने के बाद उन्होंने एक पत्रकार के रूप में काम किया। वह पिछले पांच दशक से पत्रकारिता कर रहे। 1977 में उन्होंने मुख्यधारा की पत्रकारिता में प्रवेश किया। देश के बड़े-बड़े मीडिया हाउस में उन्होंने काम किया। आज भी वह देश के प्रमुख अखबारों और वेबसाइट के लिए लिखते हैं।

समाजवादी विचारधारा से जुड़े सुरेन्द्र किशोर पिछले पांच दशक से विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में लेखन करते रहे हैं। बिहार के बहुचर्चित बॉबी हत्याकांड से लेकर पशुपालन घोटाले तक को उजागर करने में सुरेन्द्र किशोर की रिपोर्टों को राष्ट्रीय ख्याति मिली। कर्पूरी ठाकुर ने सुरेन्द्र किशोर को अपने पीए के रूप में चयन किया था लेकिन सुरेन्द्र नहीं माने। बाद में खुद कर्पूरी जी उनके पास पहुंच गए थे और आग्रहपूर्वक उन्हें अपना पीए बनाने का प्रस्ताव दिया था। अपनी लेखनी और सादगी पूर्ण जीवन के लिए सुरेन्द्र किशोर एक प्रेरक व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं।

सुरेन्द्र किशोर एक दौर में जॉर्ज फर्नांडीस से भी जुड़े रहे। चर्चित डायनामाइट कांड में जॉर्ज फर्नांडीस आरोपित हुए तो सुरेन्द्र किशोर की भी तलाश शुरू हुई। वे आपातकाल के दौरान जेल भी गये। हालांकि जेपी सेनानियों को बिहार सरकार की ओर से पेंशन देने की घोषणा हुई तो उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया। अपने उच्च आदर्श और नैतिकता के लिए पत्रकारिता जगत में सुरेन्द्र किशोर एक सम्मानित नाम रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular