रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की प्राप्त शिकायतों पर हो रही कार्रवाई के लिए सभी जिलों के निर्वाचन संबंधी पदाधिकारियों के साथ निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि लोक सभा निर्वाचन के दौरान मतदाता सूची से गलत विलोपन की कुछ शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका नियमानुसार सत्यापन करते हुए कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए।
सीईओ ने कहा कि वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप के आवंटन के क्रम में बनाये गए एएसडी सूची से मिलान करते हुए मतदाता सूची से शिफ्टेड, डुप्लीकेट एवं मृत मतदाताओं का नियमानुसार विलोपन करें। अभी भी जिन मतदाताओं के पास पुराना लेमिनेटेड मतदाता पहचान पत्र है, उसे बदलते हुए नए रंगीन मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसी भी कारण अब तक छूटे मतदाताओं को भी मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य किया जाए।
