मेरी राजनीति का आधार ही है सेवाभावः धर्मेंद्र तिवारी
रांची : भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष और रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी धर्मेंद्र तिवारी ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार को कहा कि वह रांची की जनता की सेवा करना चाहते हैं।उनके मन में यहां के बच्चों, नौजवान, बुजुर्गों के लिए कई योजनाएं हैं। अगर जनता ने उन्हें एक मौका दिया तो वह उन योजनाओं को लागू करेंगे।

गुरुवार को बाइक रैली निकालने के पूर्व उन्होंने कहा कि वह जीवन में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीति को समझते हैं। उनकी राजनीति सिर्फ और सिर्फ सेवाभाव से जुड़ी हुई है। इसलिए वह चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि वह झारखंड के लोगों के लिए कुछ करना चाहते हैं। वह झारखंड को आगे बढ़ाना चाहते हैं। लोगों से मिलते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं तो दुख होता है। यह जानकर दुख होता है कि झारखंड में सब कुछ होते हुए भी लोग गरीब हैं क्योंकि करप्शन ने पूरे सिस्टम को कोलैप्स कर दिया है।

बाद में उनके नेतृत्व में सैकड़ों बाइक्स के साथ एक बाइक रैली निकाली गई। यह रैली शहीद मैदान से निकली और हरमू, रातू रोड, लालपुर, कांटा टोली, चुटिया, नामकूम, डोरंडा, हिनू होती हुई बिरसा चौक पर संपन्न हुई।