सागर : जिले की बंडा विधानसभा से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी की कार पर पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है। शनिवार रात विधायक शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावर ने पत्थर से हमला किया, जिससे विधायक की गाड़ी का कांच टूटा गया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह मामला बरायठा थाना क्षेत्र के ग्राम करई के पास स्थित सिलोट नदी के घाट का है। बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी शनिवार रात को विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शादियों में शामिल होने गए थे। वे ग्राम बगरोई, रिछाई, शाहगढ़ में शादी में शामिल होकर वापस बंडा लौट रहे थे। तभी सिलोट नदी के घाट पर अज्ञात व्यक्ति ने चलती गाड़ी पर पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर गाड़ी के कांच पर लगा। कांच के टुकड़े विधायक के ऊपर आकर गिरे। विधायक का कहना है कि पत्थर किसने मारा, उन्हें इसके बारे में मालूम नहीं है। उन्हें किसी पर संदेह भी नहीं है। उन्होंने इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत की है।
