मुंबई : महादेव सट्टेबाजी एप मामले में मुंबई पुलिस की टीम ने फिल्म अभिनेता साहिल खान को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस की टीम साहिल को रविवार को छत्तीसगढ़ से मुंबई लेकर आई है।
जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस साइबर सेल की विशेष जांच टीम महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले की गहन छानबीन कर रही है। साहिल खान द लाई बुक ऐप से जुड़ा था, जो एक सट्टेबाजी ऐप है और महादेव बेटिंग के नेटवर्क का हिस्सा है। इस मामले की संलिप्तता का पता लगते ही मुंबई पुलिस साहिल खान को पूछताछ के लिए बुलाना चाहती थी, इसी दौरान साहिल खान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में राहत पाने के लिए याचिका दाखिल की थी। हाई कोर्ट ने साहिल की याचिका खारिज कर दी। जिसके बाद साहिल खान मुंबई से फरार हो गया।
मुंबई पुलिस की टीम को गोपनीय जानकारी मिली कि वह छत्तीसगढ़ में छिपा है। मुंबई पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से साहिल खान को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस साहिल खान को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
