राजकोट : केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोगों से नक्सलवाद, आतंकवाद और गरीबी के खात्मे के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हम वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे।
अमित शाह ने शनिवार को राजकोट जिले के जामकंडोरणा में पोरबंदर लोकसभा सीट के पार्टी उम्मीदवार केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने दावा किया कि देश में हुए अबतक दो चरणों के चुनाव में राहुल गांधी का सूपड़ा साफ हो गया है। सूरत सीट पर भाजपा उम्मीदवार को चुनाव से पहले ही विजेता घोषित कर दिया गया। उन्होंने अनुच्छेद 370 के खात्मे और राममंदिर निर्माण की भी चर्चा की।
शनिवार सुबह उन्होंने कहा कि गांधी-सरदार के गुजरात को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया में पहचान दिलाई। शाह ने कहा कि 10 वर्षों के शासनकाल में नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के किए गड्ढों को भरने का काम किया है। आगामी 5 साल में नींव डालने का काम होगा। मोदी ने गुजरात को 5 लाख 95 हजार करोड़ रुपये दिए हैं।
