गिरिडीह : लोकसभा आम निर्वाचन व 31 गांडेय विधानसभा उप चुनाव 2024 के निमित्त गिरिडीह जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु व्यापक जन जागरूकता अभियान जिला प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा है। शनिवार को समाहरणालय परिसर से जिला निर्वाचन पदाधिकारी, नमन प्रियेश लकड़ा के द्वारा जिले के मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एलईडी जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही मतदाताओं को जागरुक भी किया जा रहा है, इसी कड़ी में आज डिजिटल वैन को रवाना किया गया है, जो गांव, कस्बों, टोलों में जाकर लोगों को मतदान और चुनावी प्रक्रिया के संबंध में जागरूक करेगा। गौरतलब है कि 20 मई को कोडरमा लोकसभा व 31 गांडेय विधानसभा उप चुनाव तथा 25 मई को गिरिडीह लोकसभा में होने वाले मतदान होगा।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी, स्वीप कोषांग, मीडिया/स्वीप कोषांग की टीम एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
