मुंबई : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नांदेड में कहा कि पहले चरण के चुनाव में ही मतदाताओं ने इंडी गठबंधन को नकार दिया है। दरअसल, देश की जनता को यह एहसास हो रहा है कि इंडी गठबंधन अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए एक साथ आया है। इंडी अलायंस की पार्टियां देश की 25 फीसदी सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रही हैं, इन पर आम जनता विश्वास नहीं कर पा रही है।
मोदी शनिवार को भाजपा के नांदेड़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार प्रतापराव चिखलीकर और हिंगोली लोकसभा सीट से उम्मीदवार बाबूराव कोहलीकर के प्रचार के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को देश में पहले चरण का मतदान हुआ।
मैं सभी मतदाताओं और विशेषकर पहली बार के मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं। मतदान के बाद कई लोगों ने बूथ स्तर तक का विश्लेषण किया है। इसे देखकर ऐसा लग रहा है कि पहले चरण में एनडीए के पक्ष में एकतरफा वोट पड़ा है। मैं देश के नागरिकों से अपील करता हूं कि आप एनडीए की जीत सुनिश्चित कर रहे हैं। मैं इसके लिए सभी को धन्यवाद देता हूं लेकिन जो लोग वोट नहीं देते, उनसे मैं कहना चाहूंगा कि आपको किसी को वोट देना चाहिए। वोट देने से पीछे न हटें।
