नैरोबी : केन्या में गुरुवार को एक सैन्य हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, इस हादसे में केन्या के सैन्य प्रमुख जनरल फ्रांसिस ओगोला सहित 10 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में सैन्य प्रमुख फ्रांसिस ओगोला के मरने की पुष्टि राष्ट्रपति विलियम रुटो ने अपने एक बयान में की। राष्ट्रपति विलियम रूटो ने रक्षा बलों के दिवंगत प्रमुख जनरल फ्रांसिस ओगोला के सम्मान में तीन दिनों के शोक की घोषणा की है।
रुटो ने बताया कि उत्तर-पश्चिम केन्या में स्थानीय मवेशियों की तस्करी से निपटने के लिए यह हेलीकॉप्टर तैनात सैनिकों की यात्रा पर था, यह हेलीकॉप्टर वेस्ट पोकोट काउंटी में चेप्टुलेल बॉयज़ सेकेंडरी स्कूल से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में दो सैनिक बच गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा इस हादसे कारणों का पता लगाने के लिए एक हवाई जांच दल भेजा गया है।
