नई दिल्ली : प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पार्टी के संकल्प पत्र को 140 करोड़ देशवासियों की एंबीशन (आकांक्षाओं) पूरा करने का मिशन बताया। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र युवा, नारी, गरीब और किसान को सशक्त करने की हमारी सोच से प्रेरित है। भाजपा लोगों को सम्मान के साथ गुणवत्तापूर्ण जीवन और नए अवसर देना चाहती है। उन्होंने एकसाथ राज्यों और केन्द्र में चुनाव और समान नागरिक संहिता पर जोर देते हुए अपने अगले कार्यकाल में भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की गारंटी दी।
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में ‘संकल्प पत्र’ नाम से अपना घोषणापत्र जारी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह एवं वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने पार्टी मुख्यालय में संकल्प पत्र जारी किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्रियों, पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मोदी ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराया। संकल्प पत्र में उल्लेखित गारंटियों को जिक्र करते हुए उन्होंने देश के समाजिक, डिजिटल और भौतिक ढांचागत सुविधाओं को विस्तार देने की अपनी सरकार की नीति को जारी रखने की बात कही।
भाजपा नेता ने कहा कि उनकी सरकार आने पर राष्ट्रीय सहकारिता नीति लाई जाएगी, श्री अन्न पर बल दिया जाएगा, पश्चिमी भारत के बाद पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी भारत में बुलेट ट्रेन लाई जाएगी, वंदे भारत का मेट्रो, स्लीपर और चेयरकार तीन रुपों में विस्तार किया जाएगा।
