भोपाल : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज (सोमवार ) मध्य प्रदेश के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिले के धनोरा तथा शहडोल में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मंडला से कांग्रेस ने विधायक ओमकार सिंह मरकाम और शहडोल से विधायक फुंदेलाल सिंह मार्कों को उम्मीदवार बनाया है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के अनुसार, राहुल गांधी दोपहर दो बजे सिवनी जिले के ग्राम धनोरा पहुंचेंगे, जहां कांग्रेस उम्मीदवार ओमकार सिंह मरकाम के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी शाम को शहडोल पहुंचेंगे। वे यहां पार्टी प्रत्याशी फुंदेलाल सिंह मार्कों के समर्थन में बाणगंगा मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी जनसभाओं में मौजूद रहेंगे।
