रांची : भारतीय जनता पार्टी के रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पार्टी के राज्यसभा सांसद आदित्य साहू और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय, विधायक वीरांची नारायण की उपस्थिति में मांडू विधानसभा क्षेत्र के दूसरे दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा।
मिलन समारोह मे राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से 10 वर्षों में गरीब कल्याण पर काम किया गया है, इससे प्रभावित होकर झारखंड ही नहीं देशभर में दूसरे दलों से लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के लिए काम करते हैं जबकि कांग्रेस पार्टी सिर्फ चुनाव के वक्त गरीबों को याद करती थी।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सर्वेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि बिना किसी पद और आकांक्षा के वह पार्टी में शामिल हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेवारी देगी उससे भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पूरा करेंगे।
