बोकारो : समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विजया जाधव ने लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के सफल संचालन को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मौके पर निर्वाचन कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह डीडीसी संदीप कुमार,स्वीप कोषांग के वरीय नोडल पदाधिकारी सह एएमसी सौरव कुमार भुवानिया,सामग्री कोषांग की वरीय नोडल पदाधिकारी सह डीपीएलआर मेनका,विधि-व्यवस्था कोषांग के वरीय नोडल पदाधिकारी सह एसी मो. मुमताज अंसारी,एमसीएमसी कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चास ओम प्रकाश गुप्ता समेत सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने क्रमवार कर्मिक कोषांग,सामग्री कोषांग,ईवीएम कोषांग,वाहन कोषांग,निर्वाचन कोषांग,विधि व्यवस्था कोषांग,व्यय लेखा कोषांग,प्रशिक्षण कोषांग,प्रेक्षक कोषांग,मीडिया कोषांग,डाक मतपत्र एवं पीडब्ल्यूडी कोषांग,स्वीप कोषांग,नियंत्रण कक्ष कोषांग की क्रमवार समीक्षा की। संबंधित वरीय नोडल पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों एवं आगे की कार्य योजना/प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने मतदान दिवस के दिन जिले के सभी 1581 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सहायता को लेकर वोलेंटियर तैनात करने का निर्देश दिया। कहा कि वोलेंटियर 14 से 18 आयु वर्ष के छात्र – छात्राएं,एनसीसी,स्काउट एंड गाइड के सदस्य होंगे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को प्रति मतदान केंद्र के लिए दो छात्र – दो छात्राएं चिन्हित करने उनकी सूची तैयार कर उन्हें कार्य/दायित्व को ब्रिफ करने का निर्देश दिया। इन छात्र – छात्राओं को आइडी,प्रशस्ति पत्र आदि दिया जाएगा।
समीक्षा क्रम में सामग्री कोषांग को सेक्टर 08 स्थित बोकारो इस्पात सिनीयर सेकेंडरी स्कूल में कोषांग का संचालन शुरू करने, मंत्रि मंडल निर्वाचन रांची कार्यालय से प्राप्त होने वाले सामग्री का वहां भंडारण करने एवं आगे के कार्यों को ससमय निष्पादित करने को कहा। साथ ही, स्कूल परिसर के सभी संबंधित कोषांगों के लिए कमरों एवं आस -पास के परिसर की साफ-सफाई का कार्य जिला नजारत उप समाहर्ता को पूरा करने का निर्देश दिया।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने वाहन कोषांग की समीक्षा क्रम में नोडल पदाधिकारी को निर्वाचन कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों का आंकलन करते हुए वाहनों का अधिग्रहण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सभी तरह के वाहनों का अधिग्रहण वाहन कोषांग द्वारा ही किया जाएगा। पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के निर्देशानुसार पुलिस विभाग द्वारा अलग से वाहनों का अधिग्रहण नहीं होगा,आवश्यकता अनुरूप वाहन कोषांग द्वारा ही पुलिस विभाग को वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।
समीक्षा क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने निर्वाचन से संबंधित सभी पदाधिकारियों-कर्मियों के संपर्क नंबर समेत,गठित कोषांग की जानकारी से संबंधित डिस्ट्रिक्ट बुकलेट तैयार करने को कहा। विधि – व्यवस्था सह सी-विजिल कोषांग को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण कोषांग को सभी मतदान कर्मियों को आयोग के दिशा – निर्देश अनुरूप प्रशिक्षण दिलाने को कहा। संबंधित कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण जारी है,जो आगामी 31 मार्च तक रहेगा।
पोस्टल बैलेट सह पीडब्ल्यूडी कोषांग की समीक्षा क्रम में दिव्यांग मतदाताओं/85 प्लस आयु के मतदाताओं के लिए ट्राई साइकिल की आवश्यकता का आंकलन कर जिले में उसकी उपलब्धता और आस -पास के जिलों से समन्वय स्थापित कर ट्राई साइकिल प्राप्त करने को कहा। स्वीप कोषांग की समीक्षा क्रम में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने अन्य सभी कोषांगों की समीक्षा की और सभी को जरूरी दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कंट्रोल रूम नंबर 8986660333 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कहीं। सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को अपने – अपने कोषांगों की नियमित बैठक करने और समन्वय स्थापित कर कार्यों का निष्पादन करने को कहा। मौके पर सभी कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारी/नोडल पदाधिकारी एवं कर्मी आदि उपस्थित थे।