ग्रेटर नोएडा : इंडियन प्रीमियर लीग (आईवीपीएल) के पहले सीजन के 11वें मुकाबले में बुधवार रात इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी पीटर ट्रेगो ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत मुंबई चैंपियंस ने वीवीआईपी उत्तर प्रदेश को 8 विकेट से मात दी। वहीं, इस मुकाबले में अपना पहले मैच खेल रहे पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का जलवा भी देखने को मिला।
वीवीआईपी उत्तर प्रदेश ने इस मुकाबले में पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए। अंशुल कपूर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर शानदार नाबाद 87 रन ठोक दिए। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए।
अंशुल के अलावा रोहित श्रीवास्तव ने 22 गेंद पर 30 और पुनीत बिष्ट ने 12 गेंद पर 26 रन का योगदान दिया। इसकी बदौलत उत्तर प्रदेश का स्कोर 170 पर पहुंचा। मुंबई के लिए पीटर ट्रेगो और अफरोज खान ने 2–2 विकेट झटके। इन दोनों के अलावा अमित सनन और विनय यादव को 1–1 सफलता मिली।
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई चैम्पियंस को खास दिक्कत नहीं हुई और 19 ओवर में टीम ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक झुनझुनवाला ने 38 गेंद पर नाबाद 69 रन ठोके, इसके अलावा पीटर ट्रेगो ने 29 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए। वहीं आईवीपीएल के पहले मैच में खेलने के लिए ग्रेटर नोएडा पहुंचे वीरेंद्र सहवाग ने 23 गेंद पर 35 रन ठोके।
