गिरिडीह : विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शनिवार को धरियाडीह स्थित पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव के आवासीय कार्यालय पर शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर नगर निगम के द्वारा वार्ड नंबर 28 और 29 के लिए आहूत किया गया। इस दौरान उपस्थित नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों भाजपा नेताओं और अन्य उपस्थित लोगों ने वर्ष 2047 तक भारत को पूरी तरह से विकसित बनाने का संकल्प लिया। शिविर के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी। दोनों वार्ड क्षेत्र के लोगों ने कई योजनाओं की जानकारी ली और अपना आवेदन दर्ज किया। इस बाबत पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 10 वर्षों से सेवा सुशासन का कार्य करते हुए आ रहे हैं। इसके तहत देशभर में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है उन्होंने कहा कि आज गरीबों को मुफ्त में अनाज इलाज और कई तरह की सुविधा उपलब्ध हो रहा है। पूर्व उप मेयर सह भाजपा नेता प्रकाश सेठ ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जगह-जगह कैंप आयोजित कर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जा रही है ताकि इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ लोगों को मिल सके। मौके पर भाजपा नेता संजीत सिंह पप्पू अजय रंजन सिंह हरमिंदर सिंह बग्गा नगर निगम के अर्बन प्लानर मंजूर आलम सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद थे।