मनिका पंचायत स्थित भदईबथान गांव के जंगल में वन विभाग के द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर ट्रेंच का निर्माण करवाया जा रहा था जिसका सैकड़ो ग्रामीणों ने विरोध किया और काम को रोक दिया। मौके पर उपस्थित ग्राम वन समिति के सदस्य एवं ग्रामीणों ने वन विभाग के ऊपर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना ग्राम सभा किए ही जंगल में ट्रेंच का निर्माण जेसीबी मशीन लगाकर करवाया जा रहा है जिसकी हम लोगों को कोई जानकारी नहीं है। आज हमारे यहां सुखाड़ होने से लोग खाने को तरस रहे हैं काम नहीं मिलने से पलायन कर रहे हैं और इधर वन अधिकारी के द्वारा मजदूरों से काम नहीं करवा कर मशीन लगाकर काम करवाया जा रहा है जो सरासर गलत है।

ग्रामीणों ने कहा कि हम लोगों के विरोध करने पर वन विभाग के कर्मियों के द्वारा बोला जा रहा है कि ग्राम सभा किया जाएगा लेकिन हम लोगों का मांग है कि यहां पर जेसीबी मशीन से काम नहीं करवा कर मजदूरों से काम करवाया जाए ताकि यहां के लोगों को रोजगार मिल सके। जब तक ट्रेंच का निर्माण मजदूर से नहीं करवाया जाता है तब तक हम लोग यहां पर किसी भी सूरत में काम नहीं होने देंगे। मौके पर ग्राम वन समिति के अध्यक्ष विशाल कुमार पासवान,सचिव पंकज यादव,सदस्य श्यामलाल पासवान,कल्टू मांझी,संजय यादव,केशव यादव,डोमन यादव,विनोद यादव,हरेंद्र यादव,गोविंद यादव,उमेश यादव,कालीचरण यादव,नंदकिशोर यादव,बिहारी यादव,समेत सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे।
