कीव : रूस ने यूक्रेन पर अबतक क सबसे भीषण हमला में यूक्रेनी ठिकानों पर निशाना साधते हुए 122 मिसाइल दागीं और 36 ड्रोन से बमबारी की जिसमें कम से कम 27 आम लोग मारे गए। यूक्रेन के अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की है। वायुसेना के एक अधिकारी ने कहा कि यह 22 महीने से जारी युद्ध में सबसे बड़ा हवाई हमला है।
अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार से शुरू हुए रूस के हमले में एक प्रसव कराने वाल अस्पताल, अपार्टमेंट ब्लॉक और कई स्कूल नष्ट हो गए। उन्होंने कहा कि लगभग 18 घंटे तक जारी रहे हमले में कम से कम 27 लोग मारे गए और अनेक लोग मलबे में दब गए तथा 144 अन्य घायल हुए हैं।
यूक्रेन के सेना प्रमुख वलेरी ज़लुज़नी ने कहा कि यूक्रेनी वायुसेना ने रातभर में ज्यादातर मिसाइल और शाहेद ड्रोन को मार गिराया। वायुसेना के कमांडर मायकोला ओलेशचुक ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर लिखा, ‘‘यह फरवरी 2022 में रूस द्वारा पूर्ण स्तर का युद्ध शुरू किए जाने के बाद से सबसे बड़ा हवाई हमला है।’’ यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, पिछला सबसे बड़ा हमला नवंबर 2022 में हुआ था, जब रूस ने यूक्रेन पर 96 मिसाइल दागी थीं। इस वर्ष पहला सबसे बड़ा हमला नौ मार्च को हुआ था, जब रूस ने 81 मिसाइल दागीं।
