सूरत : सूरत डायमंड हब के साथ ही टेक्सटाइल हब भी है। प्रधानमंत्री को ऐसी ही एक सौगात सूरत की एक फैशन डिजाइन संस्था की ओर से भेंट की गई, जिसमें देश के 29 राज्यों के कपड़े से गुलदस्ता बनाया गया है।
इस गुलदस्ते की खासियत है कि इसमें टेक्निकल टेक्सटाइल के जरिए खुशबू भी है, जिसकी सुगंध दो से तीन साल तक रहेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह गुलदस्ता केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश और सांसद सीआर पाटिल की ओर से डायमंड बुर्स के उद्घाटन के बाद दिया गया। सूरत के इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी (आईडीटी) के 6 विद्यार्थियों ने 35 दिन की कड़ी मेहनत से एक अनोखा कपड़े का गुलदस्ता तैयार किया। इस बुके में देश के विभिन्न राज्यों के परंपरागत कपड़ों का उपयोग किया गया। इसमें बनारसी सिल्क (उत्तर प्रदेश), चामा सिल्क (छत्तीसगढ़), चंदेरी (मध्यप्रदेश), बांधनी (गुजरात), इकत (तेलंगाना), बनाना फेब्रिक (आंध्रप्रदेश), कलमकरी (जम्मू और काश्मीर), कसावु (केरल), इकत (पश्चिम बंगाल), चिकनकारी (उत्तर प्रदेश), संबलपुरी साड़ी (उड़ीसा), मूंगा सिल्क (आसाम) आदि शामिल है।
