रांची : विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने लोकसभा सुरक्षा में चूक पर चिंता जताते हुए झारखंड विधानसभा में भी अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से शुरू होने जा रहा है इस सिलसिले में आज कई महत्वपूर्ण बैठकर आयोजित की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि दिल्ली में हुई घटना को संज्ञान में लेते हुए और उसे सबक लेते हुए झारखंड विधानसभा को उतना उदार नहीं बनाया जाएगा ताकि कोई अनहोनी करके चला जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा में सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान दर्शक दीर्घा में प्रवेश को वर्जित रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा के अंदर अनावश्यक और अपरिचित व्यक्तियों के आने पर रोक रहेगी। स्पीकर ने कहा कि जिन व्यक्तियों को विधानसभा के अंदर आने की अनुमति दी जाएगी उनका पूरा परिचय लिया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ संभव हो सके।
